साइंस कालेज दुर्ग के काॅमर्स के प्रोफेसर ओ.पी. गुप्ता दुर्ग विश्वविद्यालय के अस्थायी कुलपति नियुक्त

 
"शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग केे वाणिज्य के विभागाध्यक्ष एवं दुर्ग विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय के डीन डाॅ. ओ.पी. गुप्ता को राजभवन द्वारा जारी आदेश के परिपालन में दुर्ग विश्वविद्यालय दुर्ग का अस्थायी कुलपति नियुक्त किया गया है। डाॅ. गुप्ता दुर्ग विश्वविद्यालय में स्थायी रूप से पूर्णकालिक नये कुलपति की नियुक्ति होने तक अस्थायी रूप से कुलपति का कार्यभार संभालेगें। डाॅ. गुप्ता की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए साइंस कालेज दुर्ग के प्राचार्य डाॅ. एस.के. राजपूत ने बताया कि दुर्ग विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रथम कुलपति डाॅ. एन.पी. दीक्षित भी साइंस कालेज दुर्ग के पूर्व प्राध्यापक तथा पूर्व प्राचार्य रह चुके है। इसी श्रृंखला में डाॅ. ओ.पी. गुप्ता भी साइंस कालेज, दुर्ग के प्राध्यापक रहे है। डाॅ. गुप्ता की नियुक्ति पर आज महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए कुलपति के महत्वपूर्ण पद का दायित्व संभालने हेतु शुभकामनाऐं दी। डाॅ. गुप्ता ने साइंस कालेज दुर्ग में 1983 में वाणिज्य विषय में अपनी सेवा आरंभ की थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय बहुउददेश्यीय उच्चतर माध्यामिक विद्यालय, दुर्ग से शालेय शिक्षा प्राप्त डाॅ. ओ.पी. गुप्ता ने सुराना कालेज, दुर्ग से स्नातक एवं दुर्गा कालेज, रायपुर से स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। इसके अलावा नागपुर विश्वविद्यालय से काॅमर्स में एम.फिल की उपाधि प्राप्त डाॅ. गुप्ता ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से पी.एचडी की उपाधि प्राप्त की। "